Headlines

राशन कार्डधारियों का चावल खरीदना महंगा साबित हुआ, युवा कारोबारी गिरफ्तार

दुर्ग। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन कार्डधारियों को वितरित किए जाने वाले शासकीय चावल के अवैध क्रय-विक्रय, अदला-बदली और भंडारण के मामले में वैशाली नगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के मकान की तलाशी के दौरान 60 बोरियों में कुल 24 क्विंटल शासकीय चावल बरामद किया है। आरोपी की पहचान सोहन चेलक (23 वर्ष) निवासी राजीव नगर, वार्ड क्रमांक 19, थाना वैशाली नगर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, खाद्य निरीक्षक आशुतोष चंद्राकर ने शासकीय खाद्यान्न के अवैध क्रय-विक्रय एवं अदला-बदली कर भंडारण किए जाने की शिकायत और संबंधित मूल दस्तावेज पुलिस को सौंपे थे। दस्तावेजों के आधार पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 374/2026, धारा 3 एवं 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के मकान की तलाशी ली। तलाशी में 60 बोरियों में 24 क्विंटल चावल भंडारित मिला। पुलिस ने बरामद खाद्यान्न की जांच कराई। नागरिक आपूर्ति निगम के तकनीकी सहायक के माध्यम से चावल की पुष्टि कराई गई, जिसमें उसके शासकीय खाद्यान्न होने की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के जरिए पात्र राशन कार्डधारियों को वितरित किए जाने वाले शासकीय खाद्यान्न का अवैध रूप से क्रय-विक्रय एवं अदला-बदली कर अपने मकान में भंडारण किया गया था।

नोटिस देकर आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का नक्शा तैयार किया और आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी सोहन चेलक को पकड़ने के बाद धारा 47 BNSS के तहत नोटिस देकर गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराया गया और 7 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शासकीय चावल की 60 बोरी, कुल 24 क्विंटल जब्त की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना पुलगांव में वर्ष 2022 में धारा 186, 294, 506, 34 भादवि के तहत एक मामला पहले भी दर्ज पाया गया है। वैशाली नगर पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *