Headlines

स्कूली ऑटो में लटके हुए बैठे थे बच्चे, फाफाडीह चौक में ट्रैफिक पुलिस की चलानी कार्रवाई

रायपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर रायपुर यातायात पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत यातायात थाना फाफाडीह पुलिस ने क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को बैठाकर ले जा रहे 3 ऑटो चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।

यातायात पुलिस के अनुसार, स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान फाफाडीह क्षेत्र में स्कूली ऑटो की जांच की गई। जांच में 3 ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाते हुए पाया गया।

पुलिस ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित ऑटो चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 179 एवं 125/177 के तहत चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऑटो में निर्धारित सीट क्षमता से अधिक बच्चों को किसी भी स्थिति में न बैठाया जाए।

यातायात पुलिस ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि ड्राइवर सीट के अगल-बगल बच्चों को न बैठाएं। इससे चालक को वाहन चलाने में परेशानी होने के साथ वाहन के अनियंत्रित होने और हादसे का खतरा बढ़ सकता है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ऑटो चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। चालकों को चेतावनी दी गई कि बच्चों की संख्या निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही रखी जाए और किसी भी परिस्थिति में उनकी जान को जोखिम में न डाला जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *