जाम से राहत दिलाने मालवीय रोड और शास्त्री बाजार में सड़क से हटाए गए ठेले और गुमटियां 

रायपुर।  ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम टीम प्रहरी द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से ठेला, गुमटी एवं अन्य अस्थायी व्यवसाय संचालित कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई। सड़क एवं फुटपाथ पर कब्जा कर व्यवसाय करने वाले ठेलों एवं गुमटियों को हटाया गया तथा ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध भी कार्यवाही की गई जिन्होंने अपनी दुकानों का सामान सड़क पर निकालकर सार्वजनिक मार्ग का अतिक्रमण कर रखा था।

कार्यवाही के दौरान संबंधित व्यापारियों एवं अतिक्रमणकर्ताओं को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि सार्वजनिक मार्ग आम नागरिकों के आवागमन के लिए है। सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण करने से यातायात बाधित होता है, दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है तथा आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्यवाही किए जाने की चेतावनी भी दी गई।

संयुक्त अभियान के पश्चात मालवीय रोड एवं शास्त्री बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक सुगम एवं व्यवस्थित दिखाई दी। स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों एवं राहगीरों ने इस कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहने चाहिए ताकि सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें और आवागमन सुरक्षित एवं सुविधाजनक बना रहे।ट्रैफिक डीसीपी डॉक्टर अर्चना झा ने सभी व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्ग, फुटपाथ एवं सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *