जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के झक्कड़पुर गांव में पत्नी पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने मामूली बात पर आक्रोशित होकर अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के रिंग पाना से लगातार तीन वार किए थे, जिससे महिला को गंभीर चोटें आई थीं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 3 अगस्त की रात करीब 10 बजे की है। आरोपी करम साय तिर्की (36 वर्ष) अपने स्टोर रूम में मोटरसाइकिल के पहिए का नट खोलने और कसने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का रिंग पाना खोज रहा था। इसी दौरान पत्नी नबिना तिर्की ने उससे पूछा कि वह क्या खोज रहा है। इस बात पर आरोपी नाराज हो गया और जान से मारने की धमकी देते हुए पत्नी के सिर पर लोहे के रिंग पाना से तीन बार हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर घायल महिला को उपचार के लिए डिवाइन अस्पताल पत्थलगांव में भर्ती कराया गया। इसके बाद 4 अगस्त को पीड़िता के परिजन की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 166/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह ग्राम झक्कड़पुर में देखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर हमले में इस्तेमाल लोहे का रिंग पाना भी बरामद कर जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
आरोपी का नाम: करम साय तिर्की (36 वर्ष), निवासी बंधन पारा, ग्राम झक्कड़पुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।