Headlines

कोरबा : कमरे से गायब ठेका श्रमिक की लाश पेड़ में लटकी हुई मिली

कोरबा। जिले में एक ठेका श्रमिक की मौत का मामला सामने आया है। उरगा थाना क्षेत्र के चिकनीपाली गांव में 50 वर्षीय पूरन सिंह कंवर ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब पांच दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, पूरन सिंह कंवर बालको प्लांट में कार्यरत एक ठेका कंपनी में श्रमिक था। पिछले पांच दिनों से वह ड्यूटी पर नहीं जा रहा था। परिजनों के पूछने पर वह अलग-अलग बहाने बनाकर काम पर जाने से टाल रहा था।

बताया गया कि शनिवार रात पूरन सिंह ने परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार सुबह जब परिजनों ने देखा तो वह कमरे में मौजूद नहीं था। काफी तलाश के बाद ग्रामीणों से जानकारी मिली कि घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में एक पेड़ पर उसका शव मिला है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद उरगा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पेड़ से नीचे उतारकर जांच की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों से पूछताछ के साथ ही पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती तौर पर मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *