लखनऊ. राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार को दिनदहाड़े एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है, जो ICICI बैंक में कर्मचारी थीं. वारदात बैंक के ठीक बाहर हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं.
पुलिस के मुताबिक, दिव्या मिश्रा आलमबाग के सिंगारनगर की रहने वाली थीं. उनका अपने पति मानस के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच का यह विवाद फैमिली कोर्ट में भी विचाराधीन था. इसी विवाद के चलते पति पर दिव्या की हत्या करने का आरोप लगा है, हालांकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दिव्या अपनी ड्यूटी के लिए बैंक पहुंची थीं. इसी दौरान आरोपी पति मानस बैंक के बाहर पहुंचा और कथित तौर पर दिव्या पर गोलियां चला दीं. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. गोली लगने के बाद दिव्या खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गईं, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.