महिला से छेड़छाड़, बीच-बचाव करने आए ससुर पर किया हमला, पड़ोसी मनचला गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र में पड़ोसी महिला के साथ छेड़छाड़ और बीच-बचाव करने आए उसके ससुर के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान ग्राम खरकेना निवासी विकास चतुर्वेदी (19 वर्ष), पिता रामेश्वर चतुर्वेदी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घर के आंगन में हुई घटना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे ग्राम खरकेना में पीड़िता के घर के आंगन में हुई। पीड़िता ने हिर्री थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पड़ोसी ने बेइज्जत करने की नीयत से उसका हाथ-बांह पकड़ा। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पीड़िता के ससुर के साथ भी मारपीट कर चोट पहुंचाई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।

एफआईआर के चंद घंटों बाद आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के दिशा-निर्देश पर हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा एवं पीएसआई लीलाधर देशमुख के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज

पुलिस ने आरोपी विकास चतुर्वेदी को 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में अपराध क्रमांक 325/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *