नारी हत्याकांड का खुलासा, कारोबारी दोस्त ने ही की थी चावल कारोबारी की हत्या 

कुरुद। नारी हत्याकांड का खुलासा हो गया है। बीते दिनों कुरूद थाने के मर्ग क्रमांक 118/2026, धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान मृतक नीरज साहू  कुण्डेल की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होना पाया गया था। 22 जुलाई को नारी महानदी पुल के ऊपर मुख्य मार्ग पर नीरज साहू का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला था। मृतक के गले एवं माथे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे तथा घटनास्थल पर उसका बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG-06-GT-7675 भी खड़ा मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा शव पंचनामा, घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों एवं परिजनों के कथनों तथा उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच की गई। जांच में धारदार वस्तु से हमला कर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 221/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में आरोपी ने किया हत्या का खुलासा

संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने मृतक नीरज साहू की हत्या करना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वे और मृतक दोनों चावल का व्यवसाय करते थे। मृतक का व्यवसाय अच्छा चलने और उसकी कमाई अधिक होने के कारण आरोपी कारोबारी दोस्त उसके प्रति अंदर ही अंदर रंजिश रखता था। इसी रंजिश एवं द्वेष के चलते आरोपी ने मौका पाकर नारी महानदी पुल के सुनसान स्थान पर मृतक को रोककर कैंची एवं पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल कैंची और पाना बरामद कर गवाहों के सामने जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू सांकरा का निवासी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *