रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के पड़ाव स्थित शिव हनुमान मंदिर परिसर में भगवान हनुमान, शिवलिंग और साईं जी की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छैनी-हथौड़ा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को आवेदक प्रवीण लांजेवर ने गुढ़ियारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर परिसर में स्थापित धार्मिक प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। एडीसीपी आदित्य पाण्डेय और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के सुपरविजन में थाना प्रभारी गुढ़ियारी निरीक्षक नरेंद्र साहू के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान हेमंत अग्रवाल (42 वर्ष), पिता रामकुमार अग्रवाल, निवासी मेन बाजार के पास पड़ाव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मंदिर के आसपास रहता है। पुलिस के मुताबिक, बेरोजगारी को लेकर वह भगवान के प्रति नाराजगी रखता था। इसी नाराजगी के चलते 27 अगस्त की रात करीब 3 बजे वह अपने घर से छैनी-हथौड़ा लेकर मंदिर परिसर पहुंचा और वहां स्थापित हनुमान जी, शिवलिंग तथा साईं जी की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह छैनी-हथौड़ा अपने घर ले जाकर छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छैनी-हथौड़ा बरामद कर लिया। मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 298 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।