पत्नी की हत्या कर चार महीने से फरार पति तमिलनाडु से गिरफ्तार, पत्थर और डंडा बरामद

रायगढ़। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पत्नी की हत्या के मामले में करीब चार महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद तमिलनाडु में छिपकर रह रहा था और गांव लौटने की सूचना मिलते ही कापू पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को मृतिका ननकी बाई पहाड़ी कोरवा अपने पति कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा के साथ थी। आरोप है कि गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की।

इस दौरान हाथ-मुक्का, डंडा और पत्थर से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।मर्ग जांच और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 88/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु को हत्यात्मक प्रकृति का बताया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था और उसके तमिलनाडु में छिपे होने की जानकारी पुलिस को मिल रही थी।

शराब के नशे में विवाद के बाद हमला

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह पत्नी के साथ चावल खरीदने घोघरा बाजार गया था। रास्ते में दोनों ने शराब का सेवन किया था। वापस लौटते समय गाड़ा घुटरा के पास पत्नी नशे की हालत में रास्ते में सो गई। घर चलने की बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने मारपीट की और पत्थर से हमला करने की बात स्वीकार की।घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से आरोपी तमिलनाडु भाग गया था। पुलिस के अनुसार, वह पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था।

निशानदेही पर पत्थर और डंडा बरामद

कापू पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया पत्थर और डंडा बरामद कर जब्त किया गया है। आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा, उम्र 29 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा, थाना कापू, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *