पुलिस ने तस्करी पर फेरा पानी, 3 पिकअप से 6 गौवंश मुक्त

रायगढ़। जिले में गौवंशों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन पिकअप वाहनों में गौवंशों को ले जा रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 6 गौवंशों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने तीनों पिकअप वाहनों समेत करीब 17.50 लाख रुपये का माल जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन पिकअप वाहनों में गौवंशों को भरकर सरवानी होते हुए रायगढ़ के रास्ते झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना पर डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी अजय नागवंशी और थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में टीम ने सरवानी-कुलबा मेन रोड पर नाकेबंदी की।

सुबह करीब 5 बजे तीन संदिग्ध पिकअप वाहन JH-05-CR-0840, JH-01-GC-5199 और OD-17-G-9320 वहां पहुंचे। पुलिस के अनुसार, वाहनों को रोकने का प्रयास करने पर चालकों ने पुलिसकर्मियों की ओर वाहन चढ़ाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपियों ने पुलिस के शासकीय वाहन CG-03-A-0705 को भी टक्कर मार दी। पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों वाहनों को रोक लिया।

तलाशी के दौरान पहले वाहन से 2, दूसरे से 1 और तीसरे वाहन से 2 गौवंश मिले। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों को गुमला, झारखंड ले जाने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपी ललित निवासी सरवानी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने कार्रवाई में करीब 2.50 लाख रुपये कीमत के 6 गौवंश और करीब 15 लाख रुपये कीमत के तीन पिकअप वाहन जब्त किए हैं। इस तरह कुल जब्ती करीब 17.50 लाख रुपये की बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में धारा 281, 221, 132, 109(1) बीएनएस, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4 और 6 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी के साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में राम महतो, आदित्य महतो, नकुल साहू, रूपेश लहरे, शिवा कुमार साहू और रायगढ़ निवासी राजू सतनामी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *