रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र में आज दोपहर लकड़ी से लदा वन विभाग का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद ट्रक के नीचे एक मजदूर दब गया। सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, नागरामुड़ा, तमनार से वन विभाग के ट्रक में लकड़ियां लोड कर रायगढ़ डिपो ले जाई जा रही थीं। इसी दौरान कसडोल और घटोरिया मंदिर के बीच अमरैय्या के पास सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया। कुछ ही पलों में लकड़ियों से लदा ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के वक्त केबिन में चालक समेत कुछ श्रमिक मौजूद थे। ट्रक पलटने के बाद उन्होंने किसी तरह केबिन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन श्रमिक रजी उरांव, निवासी उर्दना, रायगढ़ ट्रक के नीचे फंस गया।
कमर से नीचे का हिस्सा ट्रक के नीचे दबा
हादसे के बाद रजी उरांव का कमर से नीचे का हिस्सा ट्रक के नीचे दब गया था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रशांत राव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस और ग्रामीणों ने पहले ट्रक के नीचे फंसे श्रमिक के आसपास की मिट्टी हटाकर उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक का वजन अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली।
JCB के बाद हाइड्रा क्रेन से उठाया ट्रक
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जेसीबी बुलवाई। इसके बाद भी श्रमिक को सुरक्षित निकालना संभव नहीं हो सका। पुलिस ने स्थानीय कंपनी से हाइड्रा क्रेन मंगवाई।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सावधानीपूर्वक ट्रक को उठाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रजी उरांव को ट्रक के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू से पहले ही मौके पर बुला ली गई एंबुलेंस
पुलिस ने रेस्क्यू के साथ घायल श्रमिक के उपचार की भी तत्काल व्यवस्था की। घटनास्थल पर पहले ही एंबुलेंस बुला ली गई थी। श्रमिक के बाहर निकलते ही उसे एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल रवाना किया गया। तमनार पुलिस की तत्परता और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से समय रहते श्रमिक का सफल रेस्क्यू किया जा सका। हादसे के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।