साल 2015 में किया था बलवा, 10 साल से पुलिस को चकमा दे रहा अपराधी अब गिरफ्तार 

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साल 2015 से फरार चल रहे बलवा एवं पुलिस टीम पर हमले के आरोपी हेमा राठिया को उसके गांव पहुंचने की सूचना पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

प्रकरण वर्ष 2015 का है, जब आरोपी हेमा राठिया अपने अन्य साथियों के साथ बोलेरो, महिंद्रा मैक्सीमो एवं मोटरसाइकिलों में सवार होकर लाठी, डंडा एवं लकड़ी की फालियों से लैस होकर घटनास्थल पर पहुंचे थे। आरोपियों ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई में लगे पुलिस बल के शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए पुलिस अधिकारियों एवं जवानों पर हमला कर मारपीट की थी। जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की गई तथा पुलिस के शासकीय वाहन में भी तोड़फोड़ की गई थी।

घटना के संबंध में तत्कालीन थाना प्रभारी लैलूंगा की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 152/2015 के तहत धारा 147, 148, 149, 186, 353, 452, 294, 506, 323, 332, 336, 34 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई थी। विवेचना के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था, जबकि हेमा राठिया लगातार फरार चल रहा था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय मुखबिर तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी कड़ी में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली कि फरार आरोपी हेमा राठिया अपने गांव कुर्रा आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *