रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला ने अपने पति और उसकी महिला मित्र पर मारपीट, प्रताड़ना और हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पेशे से स्विमिंग कोच रितु सपहा ने बताया कि चार साल पहले उनकी शादी महामाईपारा निवासी तुषार सपहा से हुई थी। उनका आरोप है कि पति का प्रिया नाग नाम की महिला से संबंध है। प्रिया नाग अक्सर घर आकर खुद को तुषार की पत्नी बताती है और तलाक लेने का दबाव बनाती है।
शिकायत में रितु ने आरोप लगाया कि दोनों उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। प्रिया नाग मारपीट के दौरान उनके पेट पर हमला कर गर्भ में पल रहे बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करती थी। वहीं, पति तुषार सपहा उन्हें फांसी लगाने और आत्महत्या करने की धमकी देता था।
रितु के अनुसार, 30 जून की रात करीब 11 बजे पति ने उनके साथ बेसुध होने तक मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने तुषार सपहा और प्रिया नाग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
