कहासुनी होने पर 8 दोस्तों ने साथी को मारा डाला
कुरुद/धमतरी। डाही हत्याकांड का खुलासा हो गया है, शराब सेवन के दौरान हुए आपसी विवाद में घटित हत्या की वारदात को एसपी द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता में लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन के साथ-साथ एसडीओपी के पर्यवेक्षण में कुरूद पुलिस और साइबर की संयुक्त विशेष टीम गठित कर तत्काल वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तत्काल जांच एवं आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई।
घटना 29 जून को डाही बगदेही मार्ग के बीच शीतला मंदिर के आगे,मोबाइल टावर के पास रात्रि शराब सेवन के दौरान हुए आपसी विवाद से प्रारंभ हुई। मृतक हुलास मंडावी पिता दीनाराम मंडावी,उम्र लगभग 32 वर्ष निवासी ग्राम डाही एवं आरोपीगण रोशन ध्रुव,मुकेश यादव,अमन नेताम, रविशंकर पटेल,चंद्रशेखर पटेल एवं सागर मरकाम सभी निवासी ग्राम डाही, के बीच कहासुनी और गाली- गलौज होने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मुख्य आरोपी रोशन ध्रुव और मुकेश यादव ने आवेश में आकर सड़क किनारे रखे लकड़ी के मोटे लट्ठे से मृतक के सिर पर लगातार प्राणघातक वार किए। इसके पश्चात एक अन्य आरोपी ने पास में पड़े बोल्डर पत्थर से मृतक के चेहरे एवं सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के समय अन्य आरोपी भी मौके पर उपस्थित थे।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही कुरूद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही,शव पंचनामा एवं अन्य प्रारंभिक जांच की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सक द्वारा जारी शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्यात्मक प्रकृति का होना उल्लेखित किए जाने के आधार पर थाना कुरूद में हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
कुरुद पुलिस और सायबर टीम ने पूरी रात लगातार जांच, संदिग्धों से पूछताछ, मुखबिर सूचना के जरिए मामले का सफल खुलासा किया। रातभर चली लगातार कार्यवाही में सभी 8 हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल लकड़ी लट्ठा और बोल्डर पत्थर भी बरामद कर विधिवत जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ कुरूद थाने में 197/2026, धारा 103(1), 296(बी), 191(2), 191(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर जांच पूर्ण की जा रही है। गिरफ्तार हत्यारों में रोशन ध्रुव , मुकेश यादव , अमन नेताम, रवि शंकर पटेल , चंद्रशेखर पटेल ,सागर मरकाम और दो बाल अपराधी शामिल है।
