Headlines

माना इलाके में युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत नाजुक

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक युवती को जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने से नाराज युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

मामला माना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, युवती के साथ आरोपी युवक द्वारा छेड़छाड़ की जा रही थी। युवती ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने युवती पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी।

अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति संभाली और गंभीर रूप से झुलसी युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ हत्या के प्रयास और छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को जांच रही है।

फिलहाल युवती का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *