रायपुर से दिल्ली रवाना हुई भारतीय महिला क्रिकेट टीम, PM मोदी करेंगे सम्मानित

रायपुर। एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मानित करेंगे। सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए भारतीय महिला टीम रायपुर से दिल्ली रवाना हो गई है। जानकारी के अनुसार, टीम समारोह में भाग लेने के बाद रात में रायपुर लौट आएगी। इसके बाद टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में मैदान पर उतरेगी।

रायपुर में होंगे तीनों टी-20 मुकाबले

भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला कल 16 अक्टूबर को खेला जाएगा। दूसरा मैच 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को होगा। सीरीज के सभी मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। इससे छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का रोमांच देखने का अवसर मिलेगा।

महिला दर्शकों को मिलेगी निःशुल्क एंट्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जोड़ने के उद्देश्य से इस सीरीज के दौरान महिला दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रखने का सुझाव दिया था। इस प्रस्ताव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने सहमति जताई है।

इस पहल से महिलाओं और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का खेल देखने, उनका उत्साह बढ़ाने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। उम्मीद है कि यह आयोजन प्रदेश में महिला क्रिकेट के प्रति रुचि बढ़ाने में भी मददगार साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *