रायपुर। अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 555 ग्राम गांजा, 86 पौवा अवैध शराब और बिक्री की नगदी बरामद की है। जप्त सामग्री की कुल कीमत 1.35 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई एफसीआई गोदाम के पास की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीली साड़ी पहने एक महिला थैले में गांजा रखकर ग्राहकों की तलाश कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर महिला को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके थैले से 2 किलो 555 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये है, बरामद हुआ।
मामले में आरोपी राखी देवार (40), पति तूफान देवार, निवासी वार्ड क्रमांक 15 तिल्दा के खिलाफ अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
अवैध शराब बेचते दूसरी महिला गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई वार्ड क्रमांक 15, दलाल तालाब तिल्दा में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रही है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी चुनिया देवार (20), पति युवराज देवार को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से 86 पौवा अवैध शराब, जिसकी कीमत 9,580 रुपये, और शराब बिक्री की 450 रुपये नगदी बरामद की गई। कुल जप्ती 10,030 रुपये की हुई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
1.35 लाख से ज्यादा की जप्ती
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 2 किलो 555 ग्राम गांजा, 86 पौवा अवैध शराब और 450 रुपये नगदी जब्त की है। पुलिस के अनुसार जप्त सामग्री की कुल कीमत 1,35,030 रुपये से अधिक है।
पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों और शराब के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।