एक दिन, दो परीक्षाएं : छात्रों के साथ अन्याय के खिलाफ NSUI सड़क पर

रायपुर। राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) द्वारा जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर खान के नेतृत्व में तथा पूर्व विधायक विकास उपाध्याय एवं जिलाध्यक्ष शांतनु झा के मार्गदर्शन में डी.एल.एड. द्वितीय वर्ष एवं सीजी पीएससी मुख्य परीक्षा की तिथियों के टकराव के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। लगातार तीन घंटे से अधिक समय तक चले इस प्रदर्शन में छात्र-छात्राएं तपती धूप और भीषण गर्मी के बीच डटे रहे। इस दौरान अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण कुछ छात्र अस्वस्थ हो गए तथा एक छात्र बेहोश भी हो गया, जिसके बाद उपस्थित साथियों द्वारा उसे प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके बावजूद छात्रों का आक्रोश कम नहीं हुआ और वे अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन स्थल पर डटे रहे।

NSUI ने आरोप लगाया कि डी.एल.एड. परीक्षा एवं सीजी पीएससी मुख्य परीक्षा की तिथियों के टकराव के कारण प्रदेश के सैकड़ों छात्र-छात्राओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। एक ओर विद्यार्थी वर्षों की मेहनत से पीएससी जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हैं, वहीं दूसरी ओर डी.एल.एड. की परीक्षा भी उनके शैक्षणिक भविष्य से जुड़ी हुई है। ऐसी स्थिति में छात्रों को किसी एक परीक्षा का त्याग करने के लिए मजबूर करना पूर्णतः छात्र विरोधी निर्णय है।

जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर खान ने कहा कि छात्रों द्वारा लगातार अपनी समस्या प्रशासन के समक्ष रखने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यह विद्यार्थियों की मेहनत और भविष्य के साथ अन्याय है। एनएसयूआई छात्रहित के इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और छात्रों की आवाज को लगातार बुलंद करती रहेगी।

NSUI ने मांग की है कि छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डी.एल.एड. परीक्षा की संबंधित तिथियों में तत्काल संशोधन किया जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को दोनों परीक्षाओं में सम्मिलित होने का समान अवसर प्राप्त हो सके। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो एनएसयूआई छात्रहित में आंदोलन को और उग्र करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला महासचिव संस्कार पांडेय, विधानसभा उपाध्यक्ष आशीष बाजपाई, जिला सचिव मोहम्मद जिशन, शत्रुंजय शुक्ला, खुशराज ढिल्लन, कपिल डांडे एवं अन्य एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *