रावतपुरा कॉलोनी के सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर चोरी, 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र की रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत के चोरी गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थिया रितु कश्यप 26 सितंबर 2026 को अपने माता-पिता के गांव गई थीं। अगले दिन 27 सितंबर को वापस लौटने पर उन्हें मकान के अंदर रखी आलमारी से करीब 80 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। मकान का ताला तोड़कर चोरी किए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत पर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 912/2026, धारा 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह को आरोपियों और चोरी गए जेवरों का पता लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने तकनीकी सहयोग से आरोपियों की पहचान की और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करण सागर उर्फ कान्हा (28), तेजेश्वर यादव (30) और चेतन साहू (24) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये, बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *