रायपुर। बीते दो दिनों से छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो रही है, जिसे लेकर सभी कलेक्टरों को अलर्ट किया गया है। सीएम साय ने कहा, सभी कलेक्टरों को अलर्ट किया गया है की कहीं भी बाढ़ की स्थिति बनती है तो तुरंत जरूरतमंदों को सहायता पहुंचाया जाए।दिल्ली दौरे को लेकर उन्होंने कहा, बस्तर क्षेत्र के माझी, चालकी, मुरिया लोगों के साथ कल दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति से मुलाकात होगी।
गुरु पूर्णिमा की बधाई दी
सीएम ने कहा, समस्त छत्तीसगढ़वासियों को गुरु पूर्णिमा की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बनोरा अघोर आश्रम जाकर पूज्य प्रियदर्शी बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से प्रदेश के कई नदी-नाले उफान पर हैं। गरियाबंद जिले के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात हैं। खोलापारा नाले के ऊपर से पानी बह रहा है। इस दौरान एक बाइक सवार ने नाले को पार करने की कोशिश की तो वह गिर गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे बहने से बचाया।