Headlines

मौसमी चोर गिरफ्तार, बारिश का फायदा उठाकर दुकानों में घुसता था, रायगढ़ पुलिस ने राजनांदगांव से पकड़ा

रायगढ़। घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित दो किराना दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 32 वर्षीय सतीष चौहान को राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और उसके बताए स्थान से ₹6,30,286 की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है।

बारिश का फायदा उठाकर दुकानों में घुसता था

पुलिस के मुताबिक, 23-24 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात आरोपी ने तेज बारिश का फायदा उठाकर जयस्तंभ चौक स्थित संतोष किराना दुकान की छत की टीन शीट और फॉल सीलिंग तोड़कर अंदर प्रवेश किया। यहां से करीब 4 लाख रुपये नकद, चांदी के सिक्के और चांदी का बिस्किट चोरी किया गया। इसके बाद आरोपी ने पास की गोकुलचंद मामराज किराना दुकान को भी निशाना बनाया। यहां से करीब 90 हजार रुपये नकद सहित किराना सामान चोरी किया गया।

दोनों दुकानों में चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में मिले संदिग्ध के हुलिए के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी सतीष चौहान के रूप में की। पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने चोरी के पैसों से लैलूंगा की एक मोबाइल दुकान से ₹19,300 का Samsung A-07 मोबाइल खरीदा था। उसकी लोकेशन नागपुर में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से भी फरार होने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने पीछा जारी रखा और आखिरकार राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दोनों दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया। उसके अनुसार, वह दुकानों पर अक्सर सामान खरीदने जाता था और उसे दुकानों की जानकारी थी। घटना वाली रात तेज बारिश हो रही थी, जिसका फायदा उठाकर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी की रकम का कुछ हिस्सा मोबाइल खरीदने तथा करीब ₹25 हजार घूमने-फिरने और खाने-पीने में खर्च किया। पुलिस ने आरोपी के मेमोरंडम के आधार पर ₹2,64,146 नगद, 1 किलो 508 ग्राम चांदी, कीमत करीब ₹3,46,840, Samsung कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल, सफेद-संतरा रंग का चेकदार गमछाबरामद किया है।

बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹6,30,286 बताई गई है। आरोपी सतीष चौहान को दोनों मामलों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध के बाद आरोपी कितना भी दूर भागे, तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों से उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीम ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की और नागपुर से राजनांदगांव तक उसका पीछा करते हुए गिरफ्तारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *