शराब खरीदने पैसे कम पड़े, दोस्त से माँगा, नहीं देने पर मर्डर

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर शराब पीने के लिए 20 रुपए नहीं देने पर युवक ने दिनदहाड़े दोस्त को चाकू घोंपकर मार डाला। गुस्साए लोगों ने चौकी का घेराव कर जमकर हंगामा किया और आरोपी के एनकाउंटर की मांग की।

विक्रम एंक्लेव एक्सटेंशन निवासी 22 साल का मुश्ताक अली पुत्र संजू कबाड़ बीनने का काम करता था। परिवार में उनकी पत्नी सायरा, दो साल का बेटा मुस्तकीम, नौ माह की बेटी सायरा और उसकी मां है। पुलिस के अनुसार मुश्ताक अली पहले दिल्ली की सीमापुरी में रहता था और वहां रहने वाले समीर उर्फ गट्टू से दोस्ती थी। दोनों कबाड़ बीनने का काम करते थे और दोनों के बीच रुपयों का लेनदेन भी होता था। लगभग 20 दिन पहले समीर ने भी विक्रम एंक्लेव एक्सटेंशन में किराए पर मकान लिया था। इसके बाद वह यहां काम की तलाश कर रहा था। समीर शराब पीने का आदी है।

बुधवार दोपहर में लगभग डेढ़ बजे समीर मुश्ताक के पास पहुंचा और 20 रुपए वापस मांगने लगा। उसने कहा कि शराब पीनी है और रुपए कम पड़ रहे हैं। मुश्ताक ने रुपये नहीं होने की बात कही। इस पर दोनों में बहस हो गई और दोनों गाली-गलौज करने लगे। इसी बीच समीर ने चाकू निकालकर मुश्ताक पेट में घोंप दिया। मुश्ताक लहूलुहान होकर वहीं गिर गया और समीर मौके से भाग निकला। चीख पुकार मचने पर परिजन मुश्ताक को तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान मुश्ताक की मौत हो गई। कॉलोनी वासियों ने विक्रम एंक्लेव पुलिस चौकी का घेराव कर लिया और आरोपी के एनकाउंटर की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *