शौक पूरा करने दंपति ने अपने बच्चे का कर दिया सौदा, 7 लोगों की हुई गिरफ्तारी

महाराष्ट्र। छत्रपति संभाजीनगर में एक महीने के बच्चे की कथित खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बच्चे के जैविक माता-पिता ने कथित तौर पर पैसों के लिए उसे बेच दिया। आरोप है कि इस सौदे से मिले पैसों से सोने के गहने और दो स्मार्टफोन खरीदे गए। मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े बच्चे की जैविक मां समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बच्चे को हैदराबाद से सुरक्षित बरामद कर महाराष्ट्र वापस लाया है। बाल कल्याण समिति के आदेश के बाद बच्चे को एक संस्था के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, बच्चे की खरीद-फरोख्त का शुरुआती सौदा कथित तौर पर 1.20 लाख रुपये में हुआ था। इसके बाद महज 48 घंटे के भीतर बच्चा छत्रपति संभाजीनगर से नांदेड़ होते हुए तेलंगाना पहुंच गया। इस दौरान बच्चा कई लोगों के हाथों से गुजरा। मुकुंदवाड़ी पुलिस ने 24 सितंबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच में बच्चे की खरीद-फरोख्त और पैसों के लेन-देन से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आए।

मुकुंदवाड़ी के पुलिस इंस्पेक्टर विवेक सोनवणे के मुताबिक, सीमा नाम की आरोपी ने बच्चे को संगीता आव्हाड को 2.70 लाख रुपये में बेचा। इसके बाद संगीता और खुद को डॉक्टर बताने वाले सुरेश गुंटुका ने नांदेड़ में बच्चे की अदला-बदली की। जांच में आगे पता चला कि बच्चे को हैदराबाद की उमा खटकम को 3.50 लाख रुपये में बेचा गया था।

पैसों से खरीदे सोने के गहने और दो स्मार्टफोन

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बच्चे के जैविक माता-पिता ने कथित तौर पर इस सौदे से मिले पैसों से करीब 62 हजार रुपये के सोने के गहने और दो ब्रांडेड स्मार्टफोन खरीदे थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बच्चे को हैदराबाद से बरामद किया और उसे सुरक्षित महाराष्ट्र वापस लाया। बाल कल्याण समिति के निर्देश पर बच्चे को एक संस्था की देखरेख में सौंप दिया गया है।

अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने बच्चे की जैविक मां समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका और बच्चे की खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। मुकुंदवाड़ी पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *