रायपुर। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में रायपुर पुलिस ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर गैंग के नाम का इस्तेमाल कर अपने ही परिवार से रकम वसूलने की साजिश रचने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले एजाज ढेबर और उनके परिवार को विदेशी नंबर से धमकी भरे कॉल आए थे। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 50 करोड़ रुपये की मांग की थी। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
मामले की जांच के दौरान साइबर टीम ने कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान मामले की कड़ियां शोएब ढेबर तक पहुंचीं, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की गई।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। इसके अलावा रायपुर के कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले से भी संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।