SI-सूबेदार मुख्य परीक्षा स्थगित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को एक बार फिर झटका लगा है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, सब इंस्पेक्टर (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती की मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी है। इस परीक्षा में 7 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना थी। आयोग ने परीक्षा टालने के पीछे अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है, हालांकि नई परीक्षा तिथि की घोषणा अभी नहीं की गई है।

सूबेदार, सब इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर भर्ती की मुख्य परीक्षा पहले अक्टूबर में आयोजित होनी थी। इसके बाद परीक्षा की तारीख नवंबर निर्धारित की गई, लेकिन अब इसे एक बार फिर स्थगित कर दिया गया है। लगातार तारीखों में बदलाव और परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें आयोग की ओर से जारी होने वाली नई समय-सारिणी पर टिकी हैं।

छत्तीसगढ़ में भर्ती परीक्षाओं को लेकर पहले से ही अनिश्चितता बनी हुई है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और CGPSC राज्य सेवा परीक्षा-2025 पर भी पहले रोक लग चुकी है। ऐसे में पुलिस भर्ती की मुख्य परीक्षा स्थगित होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

अभ्यर्थी अब आयोग से परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित करने की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि वे अपनी तैयारी और आगे की रणनीति तय कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *