रायपुर। अमलीडीह में चोरी की वारदात पड़ोसी की सतर्कता की वजह से फेल हो गई है। 22 और 23 अगस्त की रात थाना न्यू राजेन्द्र नगर एवं 112 पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रांतर्गत अमलीडीह स्थित शिव विला कॉलोनी के एक सूने मकान में कुछ संदिग्ध व्यक्ति प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस एवं डायल-112 की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची।पुलिस टीम द्वारा उक्त मकान की घेराबंदी कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां कुछ व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए पाए गए। पुलिस टीम ने तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए मौके से 03 लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया, जिनमें एक आरोपी दीपक देवार और दो बाल अपराधी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि वे चोरी करने की नीयत से उक्त मकान में प्रवेश किये थे। आरोपी/अपचारियों द्वारा मकान के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तथा चोरी करने के उद्देश्य से आलमारी का ताला भी तोड़ दिया गया था।
पुलिस टीम की त्वरित कार्यवाही के कारण आरोपी/अपचारी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पूर्व ही मौके पर पकड़े गए।उक्त मकान की प्रार्थिया अपने मकान में ताला लगाकर महासमुंद गई हुई थीं। मकान के आसपास संदिग्ध गतिविधि देखकर प्रार्थिया के पड़ोसी के द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्यवाही की गई।इस प्रकार पड़ोसी की सजगता एवं पुलिस की त्वरित कार्यवाही से सूने मकान में होने वाली चोरी की एक बड़ी वारदात को घटित होने से पूर्व ही विफल कर दिया गया। आरोपी/अपचारियों को मौके से रंगे हाथ पकड़ लिया गया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपी/अपचारियों के विरुद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 331(3), 305, 62 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की गई।