धमतरी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन निश्चय के तहत सिहावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 11 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्लेटी रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्रमांक DL-3SFD 9699 में दो व्यक्ति उड़ीसा की ओर से गांजा लेकर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मेन रोड रतावा फॉरेस्ट नाका के सामने घेराबंदी की। मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन नंबर के आधार पर मोटरसाइकिल को रोककर दोनों संदिग्धों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग और सफारी बैग में सेलोटेप से पैक किया हुआ 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजा के साथ रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल कीमती 1.50 लाख रुपये और ओप्पो मोबाइल फोन कीमती 10 हजार रुपये भी जब्त किया। इस तरह कुल जब्ती 11.80 लाख रुपये की हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहतेशाम (27 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और तुषार कश्यप (23 वर्ष), निवासी करावल नगर, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 70/2026, धारा 20(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 9 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।