शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर ब्लेड से हमला, नाक में फ्रैक्चर, रायपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

रायपुर। शराब पीने के लिए पैसे मांगना और मना करने पर युवक से मारपीट करना एक आरोपी को भारी पड़ गया। रायपुर के सड्डू इलाके में पैसे देने से इनकार करने पर युवक के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसके घर के पास पहुंचकर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया गया। मामले में विधानसभा पुलिस ने आरोपी तरूण जगत को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मनीष साहू 12 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान शीतला मंदिर, खालबाड़ा, सड्डू के पास रहने वाले तरूण जगत ने उन्हें रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और युवक की नाक पर मुक्का मार दिया।

इसके बाद आरोपी युवक के घर के पास पहुंचा और दोबारा विवाद करते हुए अपने पास रखे धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में युवक के बाएं कान में चोट लगी और खून निकलने लगा। पीड़ित की शिकायत पर विधानसभा थाने में अपराध क्रमांक 327/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

लगातार तलाश के बाद आरोपी गिरफ्तार

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़ित तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद पुलिस ने तरूण जगत (27 वर्ष) को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार ब्लेड जब्त किया गया।

मेडिकल रिपोर्ट में नाक में फ्रैक्चर

विवेचना के दौरान घायल युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में नाक में फ्रैक्चर और चोट गंभीर प्रकृति की पाए जाने की पुष्टि हुई। इसके आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 119(2) और 118(2) बीएनएस भी जोड़ी है।पुलिस ने आरोपी तरूण जगत, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी खालबाड़ा, सड्डू, रायपुर को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *