राजनांदगांव। शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बांस के डंडे और धारदार चाकू से हमला कर एक युवक के सिर और दूसरे के सीने पर गंभीर चोट पहुंचाई। मामले में बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल 3 अपचारी बालकों को न्यायिक रिमांड पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 2 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे नंदई चौक के पास की है। शुभम भारती और वरुण नायक वहां खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर रितेश यादव उर्फ लारो और उसके साथियों ने दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने शुभम भारती के सिर पर बांस के डंडे से वार किया, जबकि वरुण नायक के सीने के बाईं ओर धारदार चाकू से हमला किया। घटना में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर शुभम के पिता मौके पर पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 517/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 191 एवं 109 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना और पूछताछ में 4 बालिग आरोपियों के साथ 3 अपचारी बालकों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक धारदार चाकू और एक बांस का डंडा भी जब्त किया है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को 3 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि तीनों अपचारी बालकों को न्यायिक रिमांड पर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है।
ये चार आरोपी गिरफ्तार
- रितेश यादव उर्फ लारो (22), निवासी नंदई यादवपारा।
- भक्त राज ढीमर (26), निवासी चौखड़ियापारा।
- साहिल कुरैशी (22), निवासी हाट बाजार।
- हर्ष उर्फ हर्षवर्धन राय (19), निवासी कुआं चौक, राजनांदगांव।