भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस महकमे से बड़ी खबर सामने आई है। सागर के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (SP) रहे आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए राज्य सरकार को अपना त्यागपत्र सौंपा है। खास बात यह है कि सागर से तबादला होने के महज चार दिन बाद ही उन्होंने पुलिस सेवा छोड़ने का फैसला लिया है।
जानकारी के मुताबिक, अनुराग सुजानिया ने 2 नवंबर को मध्य प्रदेश सरकार को अपना इस्तीफा सौंपा। हाल ही में उन्हें सागर एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर स्थानांतरित किया गया था। हालांकि, नई जिम्मेदारी संभालने के बजाय उन्होंने सेवा से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
इससे पहले अनुराग सुजानिया उस समय सुर्खियों में आए थे, जब सागर जिले के बांदा में जहरीली शराब पीने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया था। अवैध शराब के कारोबार और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे।
जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए अनुराग सुजानिया को सागर एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल भेज दिया गया था। उन्हें एआईजी की नई जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
तबादले के तुरंत बाद इस्तीफे से चर्चाएं तेज
सागर से तबादले के महज चार दिन बाद इस्तीफा देने के उनके फैसले ने पुलिस महकमे में चर्चाओं को तेज कर दिया है। हालांकि, अपने त्यागपत्र में उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का उल्लेख किया है। इस्तीफे के पीछे किसी अन्य वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल राज्य सरकार की ओर से उनका इस्तीफा स्वीकार किए जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अब सबकी नजर सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई है।