Headlines

मक्के की खेत में मिली युवक की लाश, करंट बिछाने वाला किसान गिरफ्तार

सरगुजा। बतौली थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने घर से अवैध बिजली कनेक्शन लेकर मक्का फसल के आसपास जंगली जानवरों से बचाव/शिकार के लिए नंगा जीआई तार बिछाया था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था।

घटना 12 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे की बताई गई है। मृतक रामकृष्णा कोरवा अपने साथियों के साथ बाड़ी की सफाई का काम कर रहा था। इसी दौरान झाड़ियों को हटाने के लिए लकड़ी का गेंड़ा लेने वह मनबहाल कोरवा के मक्के के खेत के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वह जमीन पर बिछाए गए करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के भाई राम कैलाश की सूचना पर बतौली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अवैध विद्युत कनेक्शन से संबंधित साक्ष्यों को जुटाया।

पुलिस ने मामले में मनबहाल राम पिता कमंडल, साल 44 निवासी बासाझाल, थाना बतौली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना से संबंधित जानकारी स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिजली का तार भी जब्त किया गया। जांच में अपराध के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 117/2026, धारा 105 बीएनएस एवं धारा 135 विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *