बिलासपुर। तीज त्योहार और आगामी गणेश चतुर्थी को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक और झोपड़ीनुमा दुकानों में अवैध रूप से शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वाले 4 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं 7 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आदित्य कुमार पाण्डेय, राहुल जायसवाल, घनश्याम सोनी और गुड्डू सिंह के खिलाफ धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा तीज और गणेश चतुर्थी पर्व को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने शिवा मरकाम उर्फ सेवक, दीपक यादव उर्फ दाऊ, आदित्य कुमार पांडेय, टेकचंद श्रीवास, गुड्डू सिंह, धनेश कुमार जायसवाल और सीताराम वर्मा के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, अड्डेबाजी तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।