महिला को देखकर गंदी कमेंट, अश्लील इशारे और हाथापाई, बिलासपुर की इस घटना में दो गिरफ्तार

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ और गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर महिला को देखकर अश्लील कमेंट और इशारे करने तथा विरोध करने पर उसके साथ बदसलूकी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को लालखदान निवासी महिला ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि मोहल्ले के केशव निषाद और परमेश्वर उर्फ परमेश निषाद उसे देखकर गंदी टिप्पणियां और इशारे करते थे। जब महिला ने इसका विरोध किया तो दोनों ने कथित तौर पर बुरी नीयत से उसका हाथ और बांह पकड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ हाथापाई भी की।

महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तोरवा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 सितंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव निषाद (20), निवासी लालखदान मस्जिद के पास, तोरवा और परमेश्वर उर्फ परमेश निषाद (21), निवासी शिव मंदिर के पास, केंवटपारा, तोरवा के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 504/2026 में धारा 296, 74, 76, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *