प्रोफेसर कॉलोनी में पिछले महीने हुई थी 4 लाख की चोरी, दो पुराने चोर गिरफ्तार

रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सूने मकान का शटर काटकर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पहले भी नकबजनी और चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, नगदी और घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट सहित करीब 3.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति 27 अगस्त को अपने घर में ताला लगाकर बाहर गया था। 31 अगस्त को घर में काम करने वाली महिला ने फोन कर बताया कि मकान का शटर कटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद 1 सितंबर को घर लौटकर जांच करने पर अलमारी में रखे चांदी के सामान, सोने के सिक्के, चेन, ईयररिंग, नोजपिन, ब्रेसलेट, मोती का हार, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान गायब मिला।

मामले की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाने में अपराध क्रमांक 457/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में केस दर्ज किया गया।

CCTV फुटेज से मिली अहम जानकारी

घटना की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ घर में काम करने वाली महिला, आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान पुलिस ने पुराने नकबजनी और चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों के साथ हाल ही में जेल से बाहर आए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान पुलिस को निगरानी बदमाश भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी के घटना स्थल के आसपास संदिग्ध रूप से देखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में भूपेन्द्र ने अपने साथी करण ताण्डी के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने करण को भी गिरफ्तार कर लिया।

3.50 लाख का सामान बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के, नगदी रकम और वारदात में इस्तेमाल बुलेट वाहन बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक भूपेन्द्र पटेल उर्फ गजनी पुरानी बस्ती थाने का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ नकबजनी और चोरी के चार मामले पहले से दर्ज हैं और वह इन मामलों में जेल जा चुका है। वहीं करण ताण्डी भी चोरी और नकबजनी के दो मामलों में पहले जेल जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *