गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान कई घटनाएं, 9 की मौत

ओडिशा। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान ओडिशा के कई जिलों में डूबने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों में राज्यभर में डूबने की 14 घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोगों को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है।

फायर एंड इमरजेंसी सर्विस डिपार्टमेंट के अनुसार, डूबने की घटनाएं गंजाम जिले के हिंजिलिकट, सुंदरगढ़, भद्रक, कोरापुट और कालाहांडी से सामने आई हैं। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुए इन हादसों के बाद राहत और बचाव दलों ने मोर्चा संभाला।

अधिकारियों के मुताबिक, अब तक मृतकों के 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं लापता व्यक्ति की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। हादसों के बाद प्रशासन और पुलिस की ओर से विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *