महिला इंजीनियर का मोबाइल हाइजेक कर 64 हजार की ऑनलाइन ठगी, व्हाट्सऐप पर आया था OTP

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने बैंक अधिकारी बनकर महिला इंजीनियर को फोन किया और क्रेडिट कार्ड हेल्थ इंश्योरेंस के नाम पर बातचीत में फंसाकर उनके मोबाइल को हाइजेक कर लिया। इसके बाद आरोपी ने क्रेडिट कार्ड से 64 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर दी।

जानकारी के अनुसार, कबीर नगर निवासी सुपरिटेंडेंट इंजीनियर मनीषा श्रीवास्तव 4 सितंबर 2025 को कार्यालय में ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर कहा कि क्रेडिट कार्ड में हेल्थ इंश्योरेंस का ऑप्शन लेने पर अतिरिक्त चार्ज लगेगा और वेरिफिकेशन के लिए उनके व्हाट्सऐप पर जानकारी भेजी गई है।

महिला ने जब व्हाट्सऐप चेक किया तो वहां SBI का लोगो लगा हुआ संदेश/प्रोफाइल दिखाई दिया। इसे चेक करते ही उनका मोबाइल हाइजेक हो गया और मोबाइल में मौजूद जानकारी अज्ञात व्यक्ति के पास पहुंच गई।

कुछ देर बाद महिला के क्रेडिट कार्ड से रकम कटने के मैसेज आने लगे। वह तत्काल अपने कार्यालय से एनआईटी के पास स्थित SBI बैंक पहुंचीं और बैंक में शिकायत दर्ज कराई। तब तक उनके क्रेडिट कार्ड से 40 हजार रुपये और 24 हजार रुपये, यानी कुल 64 हजार रुपये की कटौती हो चुकी थी। महिला ने तत्काल क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया, जिससे आगे होने वाली संभावित निकासी को रोका जा सका। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनका मोबाइल काफी समय तक हाइजेक रहा। उन्होंने घटना की शिकायत 4 सितंबर 2025 को साइबर सेल में भी की थी।

शिकायतकर्ता का कहना है कि 16 सितंबर 2026 तक उनके 64 हजार रुपये वापस नहीं मिले हैं। मामले में अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *