अधिकारी के चेंबर में कुत्तों को छोड़ा Video, काटने से सहमे मोहल्लेवालों का सरकारी दफ्तर में अनोखा प्रदर्शन

नाशिक। महाराष्ट्र के नाशिक जिले के निफाड शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के खिलाफ लोगों ने अनोखे और आक्रामक तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कुछ लोग बोरे में आवारा कुत्तों को भरकर निफाड नगर पंचायत के मुख्य अधिकारी धीरज भामरे के कार्यालय पहुंच गए और अधिकारियों के सामने बोरे खोलकर कुत्तों को टेबल पर ही उड़ेल दिया।

बताया जा रहा है कि यह विरोध युवा सेना के जिलाध्यक्ष विक्रम रंधावे के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निफाड शहर और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि आवारा कुत्ते कई नागरिकों को काट चुके हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। उनका आरोप है कि इस समस्या को लेकर प्रशासन को कई बार शिकायतें और लिखित आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यालय में कुत्तों को बोरे से निकालकर टेबल पर उड़ेलने का यह विरोध सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *