ड्रग सप्लायर हत्याकांड, पुलिसवाला भी गिरफ्तार

झांसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय परवेज की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक सिपाही समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, परवेज को ड्रग्स की डीलिंग के बहाने बुलाया गया था। इसके बाद उसे कार में बैठाकर बंधक बनाया गया और कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तीन लग्जरी कारें और सात मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना में करीब 11 लोग शामिल थे, जिनमें से 8 की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पहले हादसा माना जा रहा था मामला

घटना 13 सितंबर की बताई जा रही है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के विजयनगर निवासी 21 वर्षीय परवेज गंभीर घायल हालत में मिला था। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पुलिस को मामला हादसे का लगा था। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान सामने आने के बाद जांच का रुख बदल गया। मृतक के पिता आसान उर्फ एहसान की शिकायत पर 16 सितंबर को अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

पांच महिला अधिकारियों की टीम ने की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए पांच महिला अधिकारियों की विशेष टीम बनाई। इसमें एसपी सिटी प्रीति सिंह, एएसपी सिमरन सिंह, एएसपी अरीबा नोमान, सीओ क्राइम प्रिया सिंह और सीओ असमा वकार शामिल थीं। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि परवेज कथित तौर पर ड्रग्स सप्लाई से जुड़ा था और उसके खिलाफ जम्मू-कश्मीर में भी पहले से मामला दर्ज था। पुलिस के मुताबिक, ड्रग्स की डीलिंग के सिलसिले में उसकी साहिल नाम के व्यक्ति से संपर्क हुआ था।

ड्रग्स का सैंपल लेकर बुलाने का आरोप

एसएसपी विकास कुमार के मुताबिक, परवेज को ड्रग्स का सैंपल लेकर बुलाया गया था। वह सुकुवां-ढुकवां कॉलोनी में अपने दोस्तों के साथ था, जहां से वह एक कार में बैठा। पुलिस के अनुसार, उसके साथ दो अन्य कारें भी चल रही थीं। पुलिस का आरोप है कि कार में बैठाने के बाद आरोपियों ने परवेज के पास मौजूद ड्रग्स का वीडियो बनाने की कोशिश की। इसके बाद उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी दी गई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

कार में मारपीट के बाद सिर में लगी चोट

पुलिस के मुताबिक, जिस कार में परवेज बैठा था, उसमें भूपेंद्र वंशकार और शनि नामदेव ने उसके साथ मारपीट की। उन्हें रोकने की कोशिश भी की गई, लेकिन कथित तौर पर मारपीट जारी रही। पुलिस के अनुसार, इस दौरान परवेज और आरोपियों के बीच हाथापाई हुई। एक-दूसरे को दांत से काटने की बात भी जांच में सामने आई है। इसके बाद जब परवेज कार से उतरने लगा तो वह अपना संतुलन नहीं संभाल पाया और नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी।

मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद आरोपी परवेज को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक सिपाही भी शामिल बताया गया है। घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने तीन लग्जरी कारों और सात मोबाइल फोन को जांच के लिए कब्जे में लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *