सूरजपुर। प्रतापपुर विकासखंड क्षेत्र में सरकारी स्कूल भवन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। हरिहरपुर स्थित नेवारडांड प्राथमिक शाला में छज्जे का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इस हादसे की चपेट में आने से एक शिक्षक के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि स्कूल भवन के छज्जे का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। इसी दौरान वहां मौजूद शिक्षक इसकी चपेट में आ गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
गनीमत रही कि जिस समय छज्जे का प्लास्टर गिरा, उस दौरान आसपास बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद नहीं थे। यदि बच्चे सीधे इसकी चपेट में आ जाते तो हादसा और गंभीर हो सकता था। घटना के बाद स्कूल भवन की स्थिति को लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल उठने लगे हैं।
घटना से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी स्कूल भवनों की स्थिति, रखरखाव और समय पर मरम्मत को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल भवनों की नियमित जांच कर कमजोर और जर्जर हिस्सों की समय रहते मरम्मत कराई जानी चाहिए। खासकर ऐसे स्थानों पर जहां रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक मौजूद रहते हैं।