बालोद। करहीभदर के पास कर्मचारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस धमतरी की डीआरडी कंपनी की बताई जा रही है। बस में कंपनी के बड़ी संख्या में कर्मचारी सवार थे। शनिवार सुबह बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान करहीभदर के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और हादसे का शिकार हो गई।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। हादसा इतना गंभीर था कि बस में फंसे मृतक के शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि शव को बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा।
घायलों को अस्पताल भेजा गया
हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस 108 की मदद से घायलों को बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।