आरंग में शिक्षक हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, साथी शिक्षक गिरफ्तार

रायपुर/आरंग। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बनचरौदा के पास शिक्षक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट में निवेश को लेकर हुए पैसों के लेन-देन के विवाद में साथी शिक्षक ने अपने ही पार्टनर की हत्या की थी। मामले में पुलिस ने मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया है।

सुनसान इलाके में मिला था शिक्षक का शव

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को ग्राम बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक के सिर और चेहरे पर धारदार एवं कठोर वस्तु से गंभीर चोट के निशान थे। मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर (46), निवासी ग्राम रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस, फॉरेंसिक, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम ने मौके का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया।

साथी शिक्षक पर ऐसे गहराया शक

जांच के दौरान पता चला कि शिवकुमार चंद्राकर और संदेही चंद्रप्रकाश वर्मा ग्राम कुम्हारी के स्कूल में शिक्षक थे। ग्रामीणों और चरवाहे ने पुलिस को बताया कि मृतक को आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद रंग की स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था।

इसके बाद पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को सुबह करीब 9:35 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा था। इसके बाद वह निजी काम का बहाना बनाकर बाहर चला गया। दोपहर करीब 12:50 बजे वह स्कूल वापस लौटा। उसने अपने मोबाइल से VSK ऐप में लॉगिन नहीं किया, बल्कि मोबाइल घर पर होने की बात कहकर साथी शिक्षक के मोबाइल से उपस्थिति दर्ज की। पुलिस के अनुसार, इस गतिविधि की जानकारी ऐप की लॉग रिपोर्ट से सामने आई।

30 लाख रुपए की उधारी को लेकर था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और शिवकुमार पिछले करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग करते थे। आरोपी के मुताबिक, उसने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपए उधार दिए थे। पुलिस के अनुसार, इसके बदले मृतक ने आरोपी को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे। आरोपी का कहना है कि वह हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीने से ब्याज का भुगतान नहीं किया जा रहा था। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

हथियार और हथौड़े से हमला करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे दोनों की मुलाकात कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास हुई। पैसे और ब्याज को लेकर विवाद के बाद दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके तक पहुंचे। पुलिस के अनुसार, वहां आरोपी ने स्कूटी में पहले से रखे धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर के पीछे वार किया और बाद में हथौड़े से सिर व चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

स्कूटी, हथियार और ब्लैंक चेक समेत सामान जब्त

आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स, दोनों मोबाइल फोन तथा आरोपी के खून से सने जूते, मोजे और कपड़े जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *