आरंग। गुल्लू शासकीय शराब दुकान से जुड़े कथित अवैध शराब तस्करी के मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद अब शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की है। मामले में अमोदी प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं संकुल समन्वयक तीरित राम बांधे की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रायपुर ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बीते रविवार रात आरंग थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अर्टिगा कार क्रमांक CG 04 QB 5200 में गुल्लू स्थित शराब दुकान से बड़ी मात्रा में शराब लेकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से 160 पाव देशी मसाला शराब, कुल 28.800 बल्क लीटर, बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कीमत करीब 16 हजार रुपये है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की गई करीब 8 लाख रुपये कीमत की अर्टिगा कार समेत कुल 8.16 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में शराब दुकान के सुपरवाइजर उबारन दास पुरैना, सेल्समैन राजेश काटले, मल्टी-वर्कर सुरेश बांधे, वाहन चालक भरत रात्रे, दिलीप कुमार कुर्रे, भागवत बारले और संकुल समन्वयक शिक्षक तीरित राम बांधे समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक तीरित राम बांधे के खिलाफ विभागीय स्तर पर निलंबन की कार्रवाई की है।