Headlines

बाल पकड़कर महिला को घसीटा और पीटा, DGP ने होमगार्ड जवान को नौकरी से निकाला

हैदराबाद। हाफिजपेट रेलवे स्टेशन के बाहर एक महिला के साथ मारपीट और उसके बाल पकड़कर घसीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। वीडियो में एक व्यक्ति महिला के साथ मारपीट करता और बाद में उसे बालों से पकड़कर घसीटता दिखाई दे रहा है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद संबंधित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

साउथ सेंट्रल रेलवे ने बताया कि घटना की जांच में संबंधित व्यक्ति की पहचान तेलंगाना राज्य पुलिस के होम गार्ड के रूप में हुई है। वह हाफिजपेट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के लिए तैनात था। रेलवे के मुताबिक, संबंधित होम गार्ड को आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तेलंगाना पुलिस विभाग को वापस भेज दिया गया है।

DGP ने जताई नाराजगी

तेलंगाना के डीजीपी सीवी आनंद ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों द्वारा इस तरह का व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। डीजीपी के मुताबिक, घटना की जांच में पता चला है कि संबंधित होम गार्ड रेलवे पुलिस बल में प्रतिनियुक्ति पर था और स्थानीय पुलिस के साथ तैनात नहीं था।

डीजीपी ने कहा कि होम गार्ड को सेवा से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आपराधिक कार्रवाई भी शुरू की जाएगी। उन्होंने साइबराबाद के पुलिस आयुक्त को मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *