रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम पूंजीपथरा से 15 लीटर महुआ शराब बरामद कर एक महिला को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पाए गए छह लोगों के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पूंजीपथरा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान प्रभा लाकड़ा (50 वर्ष) के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पूछताछ में महिला द्वारा शराब को बिक्री के लिए रखना बताया गया। मामले में पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते 6 पकड़े गए
इसी दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने गेरवानी यात्री प्रतीक्षालय, सालासर चौक, गेरवानी बस स्टैंड और तमनार चौक पूंजीपथरा के पास खुले में शराब का सेवन करते छह लोगों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में अलेक्जेंडर केरकेट्टा (39), अजीत उरांव (29), सुनील शाह (32), प्रमोद साहनी (35), संतोष गिरी (33) और रुपेश कुमार यादव (22) शामिल हैं। सभी के खिलाफ धारा 36(च)(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।