दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी मंदिर इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर लड़की और उसके नाबालिग दोस्त को धमकाया और इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में आसिफ नाम के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो कथित साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी। पूजा-अर्चना के बाद दोनों मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में चले गए। इसी दौरान कथित तौर पर तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए दोनों को धमकाया।
आरोप है कि एक युवक ने लड़की के दोस्त को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपियों ने नाबालिग के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना रात करीब 8:45 बजे पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया। मामले में कालकाजी थाने में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, एक संदिग्ध की लोकेशन मिलने के बाद टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर कथित रूप से फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।