धमतरी। कुरुद विधायक एवं भाजपा नेता अजय चंद्राकर आज मंगलवार धमतरी जिला न्यायालय पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मानहानि का दावा दायर किया है। इस दौरान कोर्ट में खूबलाल ध्रुव सहित जिले के बीजेपी नेता मौजूद रहे।
यह मामला अगस्त में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पुराने वीडियो से जुड़े विवाद के बाद सामने आया है। शिकायत के अनुसार, मार्च 2026 में कुरुद में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम के वीडियो को 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह का बताकर सोशल मीडिया पर साझा किया गया था। इस मामले में पहले ही सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
अजय चंद्राकर की ओर से आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री से उनकी और भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसी को लेकर उन्होंने अब न्यायालय में मानहानि का दावा पेश किया है।
वहीं, पूरे मामले में सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों को लेकर पुलिस की जांच भी जारी है। न्यायालय में दायर मानहानि मामले में आगे की कार्रवाई अब कानूनी प्रक्रिया के तहत होगी।