दुर्ग। जिले के जुनवानी स्थित खमरिया पीएम आवास कॉलोनी में दुर्ग पुलिस ने मंगलवार सुबह व्यापक सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई का उद्देश्य कॉलोनी में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखना था।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को सुबह करीब 5 बजे शुरू हुए अभियान में भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के नेतृत्व में स्मृति नगर चौकी सहित तीन थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस जवानों ने कॉलोनी में घर-घर पहुंचकर वहां रहने वाले लोगों की जानकारी ली और उपलब्ध दस्तावेजों का सत्यापन किया।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध एवं अनधिकृत रूप से रह रहे लोगों की जानकारी भी संकलित की गई। पुलिस ने ऐसे स्थानों की भी जानकारी जुटाई, जहां आपराधिक प्रवृत्ति वाले या गुंडा-बदमाशों के छिपने की आशंका हो सकती है।
इसके अलावा पीएम आवास कॉलोनी के कुछ मकानों को नियमों के विपरीत किराये पर दिए जाने संबंधी जानकारी का भी सत्यापन किया गया। पुलिस के मुताबिक, नियमों के विपरीत आवासों में निवासरत पाए गए लोगों और संबंधित आवासों की जानकारी नगर निगम को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके। दुर्ग पुलिस ने बताया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन तथा सरप्राइज चेकिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
