Headlines

अंबानी के साथ मारपीट, 6 की हुई गिरफ्तारी

रायगढ़। शहर के मुख्य मार्ग पर दो पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर मारपीट और गाली-गलौज की घटना हुई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया, फेसबुक और विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक मीडिया समूहों में प्रसारित होने लगा। वीडियो में कुछ लोग रूपाली गारमेंट्स के संचालक साहिल अंबानी के साथ गाली-गलौज और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते दिखाई दे रहे थे।

वीडियो सामने आने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने उसे सुरक्षित कर उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान शुरू की। पुलिस के मुताबिक, वीडियो के आधार पर बाबू, अनिल डालमिया, विक्की डालमिया, गोल्डी अंबानी, अन्नु डालमिया, हैप्पी डालमिया और विपिन मिश्रा समेत अन्य लोगों की भूमिका सामने आई।

पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग पर गाली-गलौज और मारपीट कर लोक शांति भंग करने की स्थिति उत्पन्न करने के आरोप में अपराध क्रमांक 533/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 194 बीएनएस के तहत विवेचना की जा रही है। पुलिस घटना से संबंधित वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाकर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था और लोक शांति भंग करने वाली घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा। सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे वीडियो का भी नियमानुसार संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गाली-गलौज, मारपीट या उपद्रव कर अशांति का माहौल बनाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित होने वाले वीडियो की भी लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *