चोरी के तार जलाकर बदल देते थे पहचान, कबाड़ी के पास बेचते थे माल, जामुल में 2 बच्चे और व्यापारी गिरफ्तार

दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर में नवनिर्मित मकान से बिजली वायर और एसी कनेक्शन चोरी करने के मामले में पुलिस ने चोरी की संपत्ति खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी के सामान को आग में जलाकर उसका स्वरूप बदलने के बाद कबाड़ी के पास बेच दिया गया था। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, कैलाश नगर निवासी नेहा साहू ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नवनिर्मित मकान से 15 अगस्त और 26 अगस्त को बिजली के वायर और एसी कनेक्शन चोरी हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई। शिकायत पर जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

दो नाबालिगों से पूछताछ में खुला राज

विवेचना के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग लड़कों से पूछताछ की। पूछताछ और सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि नवनिर्मित मकान से चोरी किए गए बिजली वायर और एसी कनेक्शन को आग से जलाया गया था। इसके बाद सामान को कबाड़ी मनोज कुमार गुप्ता उर्फ मन्नु के पास बेचने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ 11 सितंबर को नियमानुसार कार्रवाई की जा चुकी है।

चोरी के तार जलाकर बदला स्वरूप

पुलिस ने बताया कि चोरी करने के बाद आरोपियों ने बिजली वायर को आग से जलाकर उसका स्वरूप बदल दिया, ताकि उसे पहचानना मुश्किल हो और कबाड़ी के पास आसानी से बेचा जा सके। जांच के दौरान पुलिस ने कबाड़ी मनोज कुमार गुप्ता उर्फ मन्नु की पहचान की।

चोरी का माल बरामद, कबाड़ी न्यायिक रिमांड पर

27 सितंबर को पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के बाद जलाए गए बिजली तार और एसी कनेक्शन बरामद कर जब्त किए। इसके बाद मनोज कुमार गुप्ता उर्फ मन्नु को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में धारा 331(4), 305, 3(5) और 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।






    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *